वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का तीखा हमला : कोपरा में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का हुआ पुतला दहन
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का तीखा प्रहार,कोपरा में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन
“लोकतंत्र में वोट जनता की ताकत है,किसी की जागीर नहीं; चुनावी सवालों पर चुप्पी नहीं, जवाब चाहिए”-रूपेश साहू
कोपरा/गरियाबंद,/ देवेन्द्र साहू। 09 अक्टूबर 2026। लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ के नारे के साथ शुक्रवार को कोपरा बस स्टैंड में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार एवं गरियाबंद जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के निर्देशन पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर-राजिम के अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में पुतला दहन किया और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने तीखे राजनीतिक अंदाज में कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से मजबूत नहीं होता, बल्कि चुनाव प्रक्रिया पर जनता का भरोसा कायम रखने से मजबूत होता है। जब चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठते हैं, तो उन सवालों का जवाब देना और शंकाओं का निष्पक्ष समाधान करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र में जनता सवाल पूछती है, तो संस्थाओं को जवाबदेही के साथ सामने आना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सत्ता का अहंकार हो या संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही का सवाल, लोकतंत्र में जनता से ऊपर कोई नहीं हो सकता। वोट जनता का अधिकार है और उसकी स्वतंत्रता, निष्पक्षता तथा गोपनीयता की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है। कांग्रेस का सवाल है—अगर चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी है, तो उठ रही शंकाओं का तथ्यों के साथ समाधान क्यों नहीं किया जाना चाहिए? लोकतंत्र में सवालों को नजरअंदाज करने के बजाय उनका जवाब देना जरूरी है। जनता का विश्वास किसी नारे से नहीं, बल्कि निष्पक्ष कार्रवाई और पारदर्शिता से जीता जाता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता की आवाज उठाती रहेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना विरोध जारी रखेगी।
कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से स्पष्ट किया कि मतदाता के अधिकारों और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। लोकतंत्र में अंतिम ताकत जनता है और जनता के विश्वास की रक्षा करना हर संवैधानिक संस्था का दायित्व है। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, मंडल एवं सेक्टर अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों तथा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI, सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
विज्ञापन