स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी के पहले पूजा पर कांग्रेस बीजेपी आमने-सामने : कांग्रेस ने कहा कोरा दिखावा... तो बीजेपी महापौर ने कहा जीव सेवा सनातन परंपरा...!
जगदलपुर(छत्तीसगढ़)। जगदलपुर में स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी अभियान की शुरुआत अब राजनीतिक विवाद का विषय बन गई है। एसएलआरएम डोंगरी सेंटर परिसर में नगर निगम द्वारा स्थापित एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर के उद्घाटन के दौरान महापौर संजय पांडेय और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कुत्तों की पूजा-अर्चना कर उन्हें तिलक लगाया और दूध पिलाकर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम की तस्वीरें सामने आने के बाद शहर में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। ~ कांग्रेस ने बताया 'कोरा दिखावा'~
कांग्रेस ने इस आयोजन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए नगर निगम और महापौर पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष ने इसे "हास्यास्पद" बताते हुए कहा कि यदि कुत्तों की पूजा ही करनी है, तो उनके लिए डॉग हाउस बनाकर रोज पूजा की जाए। कांग्रेस का आरोप है कि जमीनी समस्या के समाधान की बजाय केवल प्रचार किया जा रहा है।
~महापौर का जवाब- यह सनातन परंपरा का हिस्सा~
~नगर निगम का अनोखा कार्यक्रम, नसबंदी से पहले महापौर ने की स्ट्रीट डॉग की पूजा ~
महापौर संजय पांडेय ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जीव सेवा और सनातन परंपरा से जुड़े हर कार्य पर कांग्रेस को आपत्ति होती है। उन्होंने कहा कि कुत्तों का संबंध सनातन परंपरा में राहु-केतु और भगवान कालभैरव से माना जाता है, इसलिए यह पूजा समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास है।
~ABC सेंटर में रखे गये है 22 स्ट्रीट डॉग ~
फिलहाल धरमपुरा इलाके से पकड़े गए 22 स्ट्रीट डॉग्स ABC सेंटर में रखा गया है। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका बधियाकरण, डी-वार्मिंग और रेबीज टीकाकरण किया जाएगा। उपचार के बाद तीन दिनों तक निगरानी रखी जाएगी और स्वस्थ होने पर उन्हें उसी क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। इस अभियान में Stray Safe Foundation भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था के सदस्य लुप्तेश जगत को निगरानी समिति में शामिल किया गया है, ताकि पूरी प्रक्रिया में पशुओं के साथ किसी तरह की क्रूरता न हो।
~ हर महीने 500 स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी का लक्ष्य~
नगर निगम ने इस ABC अभियान को दीर्घकालिक योजना के तहत शुरू किया है। लक्ष्य हर महीने करीब 500 स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी और टीकाकरण का है। नागरिकों की मदद के लिए निगम ने टोल फ्री नंबर 1100 भी जारी किया है, ताकि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच सके।
विज्ञापन