शिक्षक दिवस पर सम्मान और साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का का अनूठा : संगम प्राथमिक शाला भेंडरी में 78 विद्यार्थीयों की उपस्तिथि में हुआ कार्यक्रम..
भेंडरी (राजिम) / देवेन्द्र साहू । शिक्षक दिवस के अवसर पर आज शासकीय प्राथमिक शाला भेंडरी में शिक्षक सम्मान एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्कता तथा मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती तुलेश्वरी साहू, उपसरपंच श्री ऐलूराम साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्रीमती चित्ररेखा यादव, पालक सदस्य श्रीमती रेखा यादव तथा प्रधान पाठक भागचंद चतुर्वेदी, राज्यपाल शिक्षक सम्मान से पुरस्कृत सहित पुलिस थाना पांडुका से ओमप्रकाश कोर्राम एवं हीरामन कंवर उपस्थित रहे। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती तुलेश्वरी साहू ने अपने आशीर्वचन में कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र की नींव मजबूत करने वाले मार्गदर्शक हैं। बच्चों के जीवन में शिक्षक का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, संस्कार और अच्छे आचरण को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। साथ ही बदलते डिजिटल युग में बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा तकनीक का सदुपयोग करने की बात कही। उन्होंने विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार और जागरूकता से जुड़े ऐसे आयोजनों की सराहना की और शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। पुलिस थाना पांडुका से उपस्थित ओमप्रकाश कोर्राम एवं हीरामन कंवर ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के संबंध में उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने तथा मोबाइल और इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए जागरूक किया।कार्य क्रम की विशेष पहल के रूप में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने साइबर सुरक्षा जागरूकता का संदेश देते हुए सेल्फी ली, जो सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश बना। शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अतिथियों एवं अपने शिक्षकों को कलम भेंटकर सम्मानित किया। बच्चों द्वारा अपने गुरुजनों के प्रति व्यक्त किया गया यह सम्मान कार्यक्रम का भावपूर्ण एवं आकर्षक क्षण रहा। प्रधान पाठक भागचंद चतुर्वेदी, राज्यपाल शिक्षक सम्मान से पुरस्कृत, ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की समझ देना भी विद्यालय की जिम्मेदारी है। शिक्षक बच्चों के ज्ञान के साथ उनके संस्कार, चरित्र और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक रेखाराम निषाद ने किया तथा आभार प्रदर्शन शिक्षक लालजी सिन्हा द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षक टीकूराम ध्रुव, प्रदीप कुमार साहू, शांति यादव, पालक सदस्य रेखा यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं 78 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के सम्मान के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश देकर शासकीय प्राथमिक शाला भेंडरी ने शिक्षा, संस्कार और डिजिटल जागरूकता को एक साथ जोड़ने की सराहनीय पहल प्रस्तुत की।
विज्ञापन