कांग्रेस के स्मार्ट मीटर विरोध में चले अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन : दस हजार उपभोक्ताओं ने मीटर हटाने भरे फार्म...
स्मार्ट मीटर बदलो, पुराना मीटर लगाओ अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन
फिंगेश्वर ब्लॉक में प्रथम चरण में 10 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं ने भरे आवेदन फॉर्म

फिंगेश्वर (गरियाबंद) / देवेन्द्र साहू । स्मार्ट मीटर एवं बिजली बिल से जुड़ी उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर द्वारा अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में चलाए जा रहे “स्मार्ट मीटर बदलो, पुराना मीटर लगाओ” घर-घर चलो अभियान को क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के प्रथम चरण में फिंगेश्वर ब्लॉक क्षेत्र के 10 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर बदलने एवं पुराना मीटर लगाने की मांग को लेकर आवेदन फॉर्म भरा है।

अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ स्तर के पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क किया गया तथा स्मार्ट मीटर एवं बिजली बिल से संबंधित उनकी समस्याओं, शिकायतों और आपत्तियों को फॉर्म के माध्यम से दर्ज किया गया। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा आवेदन भरना इस अभियान के प्रति लोगों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर के अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में सभी मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एकत्रित आवेदन फॉर्म अभियान के प्रभारी पदाधिकारियों को सौंपे गए। इन फॉर्मों के माध्यम से प्राप्त उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं शिकायतों को संकलित कर आगामी चरण में शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग के समक्ष मजबूती से रखने की तैयारी की जा रही है। आगामी रणनीति को लेकर गरियाबंद जिला प्रभारी एवं पूर्व संसदीय सचिव श्री विनोद सेवनलाल चंद्राकर, पूर्व मंत्री श्री अमितेश शुक्ल, फिंगेश्वर ब्लॉक प्रभारी श्री रमेश शर्मा एवं सह-प्रभारी श्री पन्नालाल ध्रुव के मार्गदर्शन में अभियान को और व्यापक रूप देने पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस संगठन की योजना है कि अभियान को मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय करते हुए शेष उपभोक्ताओं तक पहुंच बनाई जाए तथा बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को संगठित रूप से शासन तक पहुंचाया जाए। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर एवं बिजली बिल से संबंधित उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे, शिकायतों को दस्तावेज के रूप में संकलित करेंगे और उपभोक्ताओं की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का अगला चरण और अधिक व्यापक होगा तथा गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि “स्मार्ट मीटर बदलो, पुराना मीटर लगाओ” अभियान के माध्यम से प्राप्त 10 हजार से अधिक आवेदन केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं और उनकी मांगों का दस्तावेज हैं। आने वाले दिनों में इन्हीं शिकायतों एवं आवेदनों के आधार पर चरणबद्ध तरीके से आगे की रणनीति तय कर जनहित में आंदोलन को और मजबूती प्रदान की जाएगी।
स्मार्ट मीटर हटाओ — पुराना मीटर लगाओ।
बिजली उपभोक्ताओं की आवाज — कांग्रेस उठाएगी हर बार
उक्त कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समस्त कांग्रेसी पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष,सेक्टर अध्यक्ष एवं सैकड़ो कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे
विज्ञापन