भेंडरी में शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का हुआ स्वागत : किया गया पाठ्य-पुस्तकों और गणवेश का वितरण @बच्चों की शिक्षा और संस्कार गांव के उज्ज्वल भविष्य की नीव:तुलेश्वरी साहू
Deekay Thakur
Mon, Jun 22, 2026
"बच्चों की शिक्षा और संस्कार ही गांव के उज्ज्वल भविष्य की नींव" – तुलेश्वरी साहू. "विद्यालय और पालकों के संयुक्त प्रयास से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लक्ष्य होगा साकार" – भागचंद चतुर्वेदी
राजिम (गरियाबंद)/22 जून। शासकीय प्राथमिक शाला भेंडरी में नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 का शुभारंभ शाला प्रवेश उत्सव के रूप में उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला एवं स्वागत-वंदन के साथ आत्मीय अभिनंदन किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल, मुस्कान और उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत भेंडरी की सरपंच तुलेश्वरी साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि "बच्चे देश और समाज के भविष्य हैं। उनकी शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास के लिए परिवार, विद्यालय और समाज सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। शासन द्वारा संचालित शिक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक बच्चे तक पहुंचे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है।". संस्था के प्रधान पाठक राज्यपाल शिक्षक सम्मान से पुरस्कृत भागचंद चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि "शिक्षा जीवन को नई दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यालय और पालकों के संयुक्त प्रयास से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। सभी पालक अपने बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं अध्ययन पर विशेष ध्यान दें, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।". कार्यक्रम में उपसरपंच श्री ऐलूराम साहू, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, पंचगण, पालकगण तथा ग्राम के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को नवीन शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन एवं अनुशासन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क अभ्यास पुस्तकों एवं गणवेशों का वितरण किया गया। बच्चों ने नई अभ्यास पुस्तकों एवं गणवेश प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय परिवार द्वारा शिक्षा के महत्व पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए विद्यालय के शिक्षक श्री टीकूराम ध्रुव एवं श्री प्रदीप कुमार साहू द्वारा सभी विद्यार्थियों, पालकों एवं अतिथियों के लिए अपने जन्मदिन के अवसर संपूर्ण न्यौता भोज का आयोजन किया गया। सभी ने स्नेहपूर्वक भोज ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के सफल संचालन विद्यालय के शिक्षक रेखराम निषाद आभार व्यक्त लालजी सिंहा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने शाला परिवार, शाला प्रबंधन समिति एवं पालकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।इस दौरान इनकी तुलेश्वरी साहू ,लीला राम साहूं,ऐलु राम साहू,भूषण लाल साहू,तेजकुमार माण्डले,उर्मिला साहू,लक्ष्मी यादव,गीता साहू ,यशोदा साहू ,तारा साहू ,डुमेश्वरी साहू फुलेश्वरी ध्रुव ,धनेश्वरी ध्रुव, शांति यादव,रेखा यादव, सहित आज 72 बच्चों की सहभागिता रही ।

विज्ञापन