सुखा नदी में रेत के अवैध कारोबार पर कांग्रेस का आर-पार का ऐलान, किसके : संरक्षण में निकल रहे है सैकड़ों ट्रैक्टर रेत..? प्रशासन की चुप्पी किसके इशारे पर ?
सुखा नदी में रेत के अवैध उत्खनन पर कांग्रेस का आर-पार का ऐलान, आखिर किसके संरक्षण में निकल रहे सैकड़ों ट्रैक्टर रेत?
खनिज संपदा की लूट पर प्रशासन की चुप्पी क्यों? तत्काल रोक नहीं लगी तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस—रूपेश साहू
फिंगेश्वर/गरियाबंद।देवेन्द्र साहू।11 अक्टूबर 2026। नगर पंचायत फिंगेश्वर क्षेत्र की सुखा नदी में कथित अवैध रेत उत्खनन को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर ने प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री रूपेश साहू के निर्देशन में कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि सुखा नदी की खनिज संपदा के कथित दोहन और प्राकृतिक संसाधनों के नुकसान के मामले में अब चुप नहीं बैठा जाएगा। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि आखिर किसके संरक्षण में सुखा नदी से रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर रेत निकाले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं? क्या रेत उत्खनन करने वालों को नियम-कानून का कोई भय नहीं है? यदि उत्खनन वैध है, तो प्रशासन अनुमति और निर्धारित नियमों की स्थिति स्पष्ट करे। यदि अवैध है, तो अब तक जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा कि नदी की खनिज संपदा किसी व्यक्ति विशेष की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि जनता और आने वाली पीढ़ियों की धरोहर है। यदि नियमों को ताक पर रखकर रेत का उत्खनन किया जा रहा है, तो यह गंभीर विषय है। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जांच कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि सुखा नदी में कथित अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल प्रभावी रोक लगाने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग को अनदेखा किया गया, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों के कार्यालयों का घेराव कर जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कांग्रेस की मांग है कि सुखा नदी में रेत उत्खनन की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए, उत्खनन की अनुमति और परिवहन दस्तावेजों की पड़ताल की जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि भाजपा शासन में यदि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के बजाय उनके कथित अवैध दोहन की शिकायतें सामने आती हैं, तो सरकार और प्रशासन को जवाब देना होगा। जनता के हितों और क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा की रक्षा करना प्रशासन का दायित्व है। इस दायित्व से मुंह मोड़ने वालों को कांग्रेस जनता के बीच जवाबदेह बनाएगी।

अब सवाल केवल रेत उत्खनन का नहीं, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही का है। सुखा नदी को बचाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी। अवैध उत्खनन पर रोक और दोषियों पर कार्रवाई होने तक यह मुद्दा लगातार उठाया जाएगा।
विज्ञापन