सांकरा के नंदी चौक में दीपावली के मद्देनजर जुआ खिलाने पर रोक की मांग : ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार ~ खडखडिया और जुएं से गांव का माहौल बिगड़ने की आशंका...!
Deekay Thakur
Sun, Nov 1, 2026
दीपावली पर सांकरा के नंदी चौक में जुआ खिलाने पर रोक की मांग
ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
खड़खड़िया और ताश के जुए से गांव का माहौल बिगड़ने की आशंका
धमतरी(छत्तीसगढ़) । दीपावली पर्व के दौरान ग्राम सांकरा के नंदी चौक में खड़खड़िया और ताश के माध्यम से जुआ खिलाए जाने की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग उठने लगी है। गांव के नंदी चौक में प्रतिवर्ष दीपावली के अवसर पर जुआ खिलाए जाने से होने वाली परेशानियों को लेकर नंदी सेवा समिति एवं ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों सहित ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने और खिलाने की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि 10 हजार से अधिक आबादी वाला ग्राम सांकरा आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख व्यापारिक एवं आवागमन का केंद्र है। यहां का नंदी चौक सबसे व्यस्त और प्रतिष्ठित स्थानों में शामिल है। इसके बावजूद दीपावली के अवसर पर इसी चौक में खड़खड़िया जुआ खिलाया जाता है। इससे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो जाती है और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जुआ खेलने वाले कुछ लोग अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। मना करने पर आसपास के दुकानदारों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिससे चौक का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि नंदी चौक के समीप शासकीय हाईस्कूल, आनंद मार्ग स्कूल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। जुआ खेलने वालों की भीड़ के कारण महिलाओं और स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं को असहजता महसूस होती है। वहीं आसपास के गांवों से खरीदारी करने सांकरा पहुंचने वाले ग्रामीण भी इस गतिविधि से प्रभावित होते हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कई लोग लालच में अपनी मेहनत की कमाई जुए में गंवा देते हैं, जिसके चलते उनके परिवारों में अशांति और आपसी कलह की स्थिति बनती है। मनोज कश्यप अध्यक्ष नंदी समिति ,डिकेश्वर साहू सचिव ,नेहरू साहू ,कल्याण मत्स्यपाल,डिकेश साहू ,गोपी साहू ,दिलीप सेन,डिगेश्वर देवांगन, शिवराम कश्यप, रेवतलाल नेताम, हेमन पुजारी, उत्तम, हरिसिंह, शिवलाल, कमलराम, जानेश्वर गोयल, पुनानंद, प्रेमलाल, किशोर कुमार, राहुल और हीरालाल सहित अन्य ग्रामीणों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि सार्वजनिक स्थान की संवेदनशीलता को देखते हुए नंदी चौक सांकरा में खड़खड़िया एवं ताश के जरिए जुआ खिलाने पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक धमतरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं पुलिस नगरी, तहसीलदार नगरी, थाना प्रभारी सिहावा, ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच एवं सचिव तथा ग्राम व्यवस्था समिति सांकरा को भी प्रेषित की गई है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
विज्ञापन